अलीगढ़ SSP नीरज जादौन की सराहनीय पहल: नशा मुक्त अभियान में रेस्क्यू हुए 24 नाबालिगों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा
मंडल संवाददाता अमित चौहान
अलीगढ़। नशा मुक्त समाज की दिशा में अलीगढ़ पुलिस ने एक सराहनीय और मानवीय कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नीरज जादौन के निर्देशन में थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) टीम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर असुरक्षित परिस्थितियों में रह रहे तथा कैमिकल व ड्रग्स का सेवन करने वाले नाबालिग बच्चों को चिन्हित कर रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद सभी 24 नाबालिग बच्चों को विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर बाल संरक्षण केंद्र ‘सेवियो नवजीवन बालभवन, तालानगरी’ भेजा गया, जहां उनकी काउंसलिंग, देखभाल और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की गई। बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया और उन्हें स्वस्थ व सुरक्षित जीवन की ओर प्रेरित किया गया।
पुनर्वास की दिशा में एएचटी प्रभारी एकता सिंह एवं उनकी टीम ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए इन 24 बच्चों का उनके घरों के आसपास स्थित निकटवर्ती स्कूलों में दाखिला कराया। इसके साथ ही बच्चों को स्कूल ड्रेस, किताबें, कॉपी, बैग सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई, ताकि उनकी पढ़ाई बिना किसी बाधा के शुरू हो सके।
इस अवसर पर बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए उन्हें नशे से दूर रहने, नियमित स्कूल जाने और बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया। एसएसपी नीरज जादौन की यह पहल न केवल नशा मुक्त अभियान को मजबूती देती है, बल्कि समाज के वंचित बच्चों को नई दिशा और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद भी प्रदान करती है।
पुलिस की इस संवेदनशील कार्रवाई की आमजन द्वारा भी प्रशंसा की जा रही है, जिसे सामाजिक सरोकारों से जुड़ा एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।












