बांदा: भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ उठाना पड़ा भारी, क्रिकेटर योगेश तिवारी को मिली जान से मारने की धमकी
बांदा, उत्तर प्रदेश: क्रिकेटर योगेश तिवारी को ग्राम पंचायत में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ उठाना महंगा पड़ गया है। मामला कमसिन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अमलोखर का है, जहां योगेश तिवारी ने ग्राम प्रधान और उसके गुर्गों द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार को उजागर किया था। इसके बाद से ही उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।
पीड़ित योगेश तिवारी का कहना है कि उन्होंने गांव में हो रहे विकास कार्यों में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की थी। इसके बाद ग्राम प्रधान और उसके सहयोगियों ने उन्हें धमकाते हुए जान से मारने की धमकी दी।
धमकियों से परेशान होकर योगेश तिवारी ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान और उसके गुर्गे उन्हें चुप कराने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे वे मानसिक रूप से भी परेशान हैं।
योगेश तिवारी का यह भी कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामला पुलिस के संज्ञान में है और एसपी कार्यालय द्वारा जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
ये भी पढ़ें MP: बॉस से अफेयर का शक… शादीशुदा लिव-इन पार्टनर ने गला घोंटकर की युवती की हत्या












