हाथरस में सनसनी: मकान की छत पर बोरे में मिला नवजात शिशु का शव
सावंददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस। सासनी थाना क्षेत्र के नगला पतुआ गांव में रविवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक मकान की छत पर बोरे में बंद नवजात शिशु का शव मिला। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक मदन पाठक सफाई करने के लिए जब अपनी छत पर पहुंचे, तो उन्हें एक बोरी संदिग्ध हालत में दिखाई दी। उन्होंने बोरी खोलकर देखा तो अंदर नवजात शिशु का शव था। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सासनी कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई गई। पुलिस अब गांव में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि नवजात किसका था और उसे बोरे में बंद कर छत पर किसने फेंका। मामले की गहन जांच जारी है, और पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
गांव में इस घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।












