PCS की तैयारी कर रहे युवक की मौत, परिवार सदमे में
संवाददाता – अश्वनी कुमार जिला – हाथरस
हाथरस की आशीर्वाद धाम कॉलोनी में मंगलवार शाम एक युवक की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था। परिजन जब जरूरी काम से बाहर गए हुए थे, उसी दौरान यह घटना हुई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय नागेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बॉबी के रूप में हुई है। वह सीआईएसएफ में तैनात हरि सिंह का इकलौता पुत्र था। परिजनों के अनुसार नागेंद्र पढ़ाई में मेधावी था। उसने सुल्तानपुर के एक कॉलेज से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में बीटेक किया था और इसके बाद टीसीएस कंपनी में नौकरी भी की। करीब दो वर्ष नौकरी करने के बाद उसने सिविल सेवा और पीसीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नौकरी छोड़ दी थी। कुछ समय दिल्ली में रहकर तैयारी करने के बाद वह छह माह पहले घर लौट आया था। इस दौरान वह मानसिक दबाव और अवसाद की स्थिति में रहने लगा था। मंगलवार को परिवार के सदस्य किसी काम से मथुरा गए हुए थे। शाम को लौटने पर जब उन्होंने घर के अंदर झांककर देखा तो युवक अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिला। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली सदर प्रभारी सत्येंद्र सिंह राघव ने बताया कि युवक मानसिक तनाव में चल रहा था। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान दिए जाने की जरूरत पर जोर दिया है।












