घना कोहरा और कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बलरामपुर में आवागमन प्रभावित
संवाददाता: अब्दुल मजीद
बलरामपुर।
जिले में आज कड़ाके की ठंड और शीतकालीन घने कोहरे का प्रकोप देखने को मिला। सुबह से ही छाए घने कोहरे के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। स्थिति यह रही कि लगभग 20 कदम की दूरी पर भी लोग और वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे सड़क पर चलना जोखिम भरा हो गया।
घने कोहरे के चलते मनुष्य और वाहनों के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रमुख सड़कों पर वाहन चालकों को रफ्तार बेहद धीमी रखनी पड़ी, वहीं कई जगहों पर जाम जैसी स्थिति भी देखने को मिली। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और दैनिक यात्रियों को खासा परेशानी उठानी पड़ी।
ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाकर तापते नजर आए। सोनपुर चौराहे सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लोग आग के सहारे ठंड से राहत लेते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड और कोहरे का यह दौर पिछले कुछ दिनों से लगातार बना हुआ है, जिससे सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम की मार को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था बढ़ाने और जरूरतमंदों के लिए ठंड से बचाव के इंतजाम करने की मांग की है। वहीं विशेषज्ञों ने लोगों को कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने, धीमी गति रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।












