इसौली विद्युत उपकेंद्र पर बिजली कटौती के विरोध में किसानों का धरना प्रदर्शन जारी
संवाददाता – योगेंद्र सिंह. एटा / जलेसर: तहसील क्षेत्र के इसौली विद्युत उपकेंद्र पर बिजली कटौती से नाराज किसानों ने भारी संख्या में प्रदर्शन किया। आज दोपहर 11 बजे से शुरू हुए इस धरना प्रदर्शन में दर्जनों गांवों के सैकड़ों किसान शामिल हुए। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती हो रही है, जिससे उनकी फसलें बर्बाद होने की कगार पर हैं।
प्रदर्शन स्थल पर एसडीओ अजीत कुमार उपाध्याय और जेई विशाल गिरी मौके पर मौजूद रहे। वहीं, क्षेत्रीय किसान नेता रामगोपाल उर्फ लक्की ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विद्युत भार वृद्धि के लिए जयपुर से ट्रांसफारमर मंगाने के नाम पर अधिकारियों ने 20 लाख रुपए की रिश्वत ली है। हालांकि यह आरोप जांच का विषय है और इसकी सत्यता पुष्टि के बाद ही सामने आएगी।
धरने में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह और भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) एटा के जिलाध्यक्ष हर्ष बृजवासी भी किसानों के समर्थन में पहुंचे। मौके पर किसानों और अधिकारियों के बीच वार्ता जारी है। अब देखना यह होगा कि बिजली विभाग किसानों की समस्याओं का समाधान निकालता है या नहीं।
धरना स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी नीतू माहेश्वरी भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहीं। प्रमुख रूप से दिनेश सिंह, रामगोपाल सिंह उर्फ लक्की, सतीश कुमार, राजकुमार, भजन सिंह, रविंद्र कुमार, नौबत सिंह, रंजीत कुमार सहित सैकड़ों किसान धरने में शामिल रहे।
ये भी पढ़ें एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग के विषय में आम जनमानस को किया गया जागरूक












