संभल में CJM के तबादले पर बवाल वकीलों का उग्र प्रदर्शन
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत


“जज साहब को वापस लाओ” के लगे नारे
संभल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) विभांशु सुधीर के तबादले को लेकर जिले में जबरदस्त नाराजगी देखने को मिली।
जैसे ही उनके ट्रांसफर की खबर सामने आई, बड़ी संख्या में वकील कोर्ट परिसर के बाहर एकत्र हो गए और जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने “CJM साहब को वापस लाओ” और “न्यायपालिका की स्वतंत्रता कायम रहे” जैसे नारे लगाए। वकीलों का कहना है कि जज विभांशु सुधीर ने हाल ही में संभल हिंसा मामले में एएसपी समेत कई पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। इस आदेश के कुछ ही घंटों बाद उनका तबादला कर दिया गया, जिससे न्यायिक निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अधिवक्ताओं का आरोप है कि यह ट्रांसफर दबाव में किया गया है, जो न्याय व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने मांग की कि जज विभांशु सुधीर का तबादला तत्काल रद्द किया जाए और उन्हें पुनः संभल में ही तैनात किया जाए। इस मुद्दे को लेकर कोर्ट परिसर में काफी देर तक नारेबाजी होती रही, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
उधर, इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई नेताओं ने इसे न्यायपालिका की स्वतंत्रता से जोड़कर देखा है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।












