दो पक्षों में मारपीट, युवक ने एसपी से की शिकायत, तमंचे की बट से सिर फोड़ने का आरोप
संवाददाता: पंकज मिश्रा मैनपुरी जनपद के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला भरतवाल में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित युवक ने अपनी शिकायत में बताया कि मोहल्ले के ही शिवा और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने अवैध तमंचे की बट और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।
युवक का कहना है कि घटना के बाद वह कोतवाली पहुंचा, लेकिन सुनवाई न होने पर उसे मजबूरन एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज करानी पड़ी। पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह और उसका परिवार दहशत में है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घटना को लेकर मोहल्ले में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
ये भी पढ़ें मैनपुरी में शराब ठेका मालिक से मारपीट और चेन स्नैचिंग करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार












