गाजियाबाद पुलिस का भ्रष्टाचार पर बड़ा एक्शन, 5 पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
गाजियाबाद, 15 जुलाई। पुलिस कमिश्नरेट महोदय जे० रविन्द्र गौड़ गाजियाबाद ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए हैं। यह कार्रवाई फीडबैक सेल पर प्राप्त शिकायतों और ड्यूटी में लापरवाही के आधार पर की गई। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नागरिकों से मिलने वाले फीडबैक की समीक्षा के दौरान मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार (थाना कौशांबी) और मुख्य आरक्षी मकसूद खान (थाना शालीमार गार्डन) के खिलाफ नकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर दोनों को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा, कार्य में लापरवाही की शिकायतों के आधार पर उपनिरीक्षक प्रभाकर सिंह (थाना नंदग्राम) और उपनिरीक्षक सुखवीर सिंह (थाना इंदिरापुरम) को भी निलंबित किया गया। वहीं मुख्य आरक्षी मोहम्मद आदिल को सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय नंदग्राम से रिजर्व पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि फीडबैक सेल नागरिकों और पुलिस के बीच एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। नागरिकों से प्राप्त सुझावों और शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी सख्ती से लागू रहेगी तथा पारदर्शी, जवाबदेह और उत्तरदायी पुलिसिंग ही प्राथमिकता रहेगी।












