39वीं मण्डलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में जनपद गाजियाबाद का स्वर्णिम प्रदर्शन,40वीं प्रतियोगिता (2026–27) की मेजबानी हेतु ध्वज सम्मानपूर्वक ग्रहण
संवाददाता पवन सूर्यवंशी एनसीआर


मेरठ मण्डल के तत्वावधान में आयोजित 39वीं मण्डलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता (शैक्षिक सत्र 2025–26) का भव्य आयोजन दिनांक 25–26 फरवरी 2026 को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जे.एम.एस. वर्ल्ड स्कूल, हापुड़ में संपन्न हुआ। “सर्व शिक्षा अभियान” एवं “निपुण भारत मिशन” के मूल उद्देश्य “सब पढ़ें, सब बढ़ें” की प्रेरणा से आयोजित इस प्रतियोगिता में मेरठ मण्डल के विभिन्न जनपदों से आए छात्र-छात्राओं ने अनुशासन, खेल कौशल एवं टीम भावना का अद्भुत प्रदर्शन किया।जनपद गाजियाबाद के खिलाड़ियों ने मण्डल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्णिम उपलब्धियाँ अर्जित कीं अबूबकर – 400 मीटर दौड़ एवं लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक, 100 मीटर दौड़ में रजत पदक,अलकामा – हाई जंप में स्वर्ण पदक समीर – डिस्क थ्रो में रजत पदक कुमारी जोया – कुश्ती (40 किग्रा वर्ग) में स्वर्ण पदक तनिष्क – कुश्ती (35 किग्रा वर्ग) में रजत पदक अंकुश – गोला फेंक में कांस्य पदक विद्यालय स्तर पर प्राथमिक विद्यालय मंगावली, मुरादनगर ने दोहा अंताक्षरी में स्वर्ण पदक, जूडो में एक रजत एवं पाँच कांस्य पदक अर्जित किए। योगासन प्रतियोगिता (बालक एवं बालिका वर्ग) में प्राथमिक विद्यालय इंदरगढ़ी एवं प्राथमिक विद्यालय आबूपुर, मुरादनगर ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर जनपद को गौरवान्वित किया। समापन समारोह के अवसर पर आगामी 40वीं मण्डलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता (2026–27) की मेजबानी हेतु जनपद गाजियाबाद को ध्वज सम्मानपूर्वक प्रदान किया गया। यह ध्वज श्री दिनेश कुमार यादव, सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), मेरठ मण्डल द्वारा प्रदान किया गया, जिसे जिला व्यायाम शिक्षक श्री राजकुमार एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री इश्क लाल ने औपचारिक रूप से ग्रहण किया।पुरस्कार वितरण समारोह माननीय जिलाधिकारी, हापुड़ एवं सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। श्री ओम प्रकाश यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाजियाबाद ने विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को शुभाशीष देते हुए कहा कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता, अयोध्या (उ.प्र.) में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती पूनम शर्मा जी (एस.आर.जी.) द्वारा अत्यंत प्रभावशाली, सुव्यवस्थित एवं ऊर्जावान शैली में किया गया। उनकी सुस्पष्ट वाणी, संतुलित अभिव्यक्ति एवं गरिमामयी प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को अनुशासित, रोचक और प्रेरणा दायी बनाए रखा। प्रत्येक प्रतियोगिता की घोषणा से लेकर सम्मान समारोह तक उन्होंने कार्यक्रम को ऐसी कुशलता से संयोजित किया कि उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध रहा। उनका संचालन इस भव्य आयोजन की सफलता में एक महत्वपूर्ण कड़ी सिद्ध हुआ।यह प्रतियोगिता केवल पदकों की होड़ नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम बनी “खेल से खिलता है भविष्य,शिक्षा से संवरता है राष्ट्र।जनपद गाजियाबाद की यह उपलब्धि शिक्षा एवं खेल जगत के लिए गर्व का विषय है तथा आने वाले समय में और भी बड़ी सफलताओं का संकेत देती है।












