“हर बच्चा, हर घर – शिक्षा का संकल्प: स्कूल चलो अभियान का भव्य शुभारंभ”शैक्षिक सत्र 2026 -27 का मुख्य अतिथि श्री सुनील शर्मा जी माननीय कैबिनेट मंत्री द्वारा
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा







गाजियाबाद जनपद में आज “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ने शिक्षा के प्रति जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति सामूहिक संकल्प का एक सशक्त संदेश पूरे जनपद में प्रसारित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सुनील शर्मा जी माननीय कैबिनेट मंत्री (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं प्रौद्योगिकी विभाग) उत्तर प्रदेश सरकार की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष ऊँचाई प्रदान की। अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त नींव है। हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ”उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। बेसिक शिक्षा में उन्नयन हेतु किसी भी प्रकार के कार्य के लिए वह सदैव तत्पर एवं उपलब्ध है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव गोपाल जी ने अपने संबोधन में शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का मूल आधार बताते हुए कहा कि “जब एक बच्चा शिक्षित होता है, तो एक परिवार, एक समाज और अंततः पूरा राष्ट्र सशक्त होता है। ” उन्होंने सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें। उन्होंने परिषदीय विद्यालयों में गत वर्षो की तुलना में इस वर्ष अधिक बच्चों के नामांकन कराये जाने हेतु सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को कड़ी मेहनत करने के निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा “स्कूल चलो अभियान” की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत किया गया तथा इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इस अवसर पर जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विभागों के सम्मानित अधिकारीगण, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व पार्षद वार्ड नंबर 45 श्री विजेंद्र चौहान जी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। इस अवसर पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक श्री सतीश पांडे जी,जिला समन्वयक पवन कुमार भाटी, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी विकास बघेल जिला समन्वयक समग्र शिक्षा रुचि त्यागी, सिंपल चौधरी, टिंकू कसंल, कशिश, विजय बघेल , लेखाकार नरेंद्र कौशिक समस्त स्पेशल एजुकेटर , समाजसेवी एवं प्राइवेट विद्यालय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री नरेंद्र कुमार बिल्लू जी की उपस्थिति भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम में गत सत्र में सर्वश्रेष्ठ नामांकन सुनिश्चित करने वाले जनपद के 5 परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों व शिक्षक को सम्मानित किया गया यह सम्मान न केवल उनकी उपलब्धियों का प्रतीक था, बल्कि अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा स्रोत भी बना। साथ ही नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 की पाठ्यपुस्तकों का विद्यार्थियों मे वितरण किया गया, जिससे बच्चों में नए सत्र के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास एवं नई ऊर्जा का संचार हुआ। इस आयोजन के अंतर्गत एक प्रेरणादायक स्कूल चलो अभियान रैली भी निकाली गई जिसके माध्यम से “हर बच्चा स्कूल जाए” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। रैली में बच्चों, शिक्षकों एवं अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे वातावरण को शिक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनकर सभी उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों ने नृत्य, गीत, नाटक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा के महत्व, सामाजिक एकता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। अंत में सभी प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों द्वारा यह संकल्प लिया गया कि वे घर-घर जाकर प्रत्येक बच्चे का नामांकन सुनिश्चित करेंगे, ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ेंगे तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर गाजियाबाद को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुंचाएंगे। यह आयोजन न केवल एक कार्यक्रम रहा, बल्कि शिक्षा के प्रति सामूहिक जागरूकता, प्रतिबद्धता एवं सकारात्मक परिवर्तन का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा, जिसने यह सिद्ध कर दिया कि जब समाज और प्रशासन एक साथ आते हैं, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता।












