हीरागंज में धूमधाम से मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा/प्रतापगढ़। नगर पंचायत हीरागंज में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। चौराहे पर स्थित हनुमान मंदिर में स्थानीय बाजारवासियों के सहयोग से सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम के उपरांत भक्तों के बीच बूंदी के लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद हलवा, पूड़ी और दम आलू का भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में अनुशासन और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। इसी क्रम में जिम सेंटर के सामने बादल यादव की अगुवाई में भंडारे का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद यादव, संतोष यादव, बादल यादव, विजय यादव, राहुल सरोज, तन्ने गुप्ता, सोनू सोनकर,कल्लू माली सहित अनेक भक्त मौजूद रहे।












