तेज रफ्तार डबल डेकर बस बनी आफत, मकान में घुसकर मचाई तबाही, लाखों का नुकसान — जिम्मेदार कौन?
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी के थाना कुर्रा क्षेत्र में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। नगला सुखी जरिया नीमखेड़ा गांव में तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर सीधे एक मकान में जा घुसी। गनीमत रही कि मकान में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए, वरना बड़ा जनहानि का हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार 20 जनवरी 2025 की रात करीब 10 बजे किशनी से करहल की ओर जा रही एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस पहले सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकराई, इसके बाद मकान के बाहर बंधे जानवरों को चपेट में लेते हुए सीधे घर के अंदर जा घुसी। हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी देते हुए मकान स्वामी सुभाष चंद्र पुत्र बारेलाल, निवासी नगला सुखी जरिया नीमखेड़ा ने बुधवार सुबह थाना कुर्रा पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि हादसा करने वाली बस बी.एस. भदौरिया ट्रेवल्स की थी, जो तिर्वा से दिल्ली जा रही थी।
हादसे में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पीड़ित के अनुसार इस दुर्घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बस कुछ और दूरी तक अनियंत्रित रहती तो कई लोगों की जान भी जा सकती थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है। आखिर परिवहन विभाग की जांच और पुलिस की निगरानी कहां है? क्या बसों की फिटनेस, चालक की योग्यता और निर्धारित गति सीमा की कभी सख्ती से जांच की जाती है? ग्रामीणों की मांग है कि दोषी बस चालक के साथ-साथ ट्रेवल्स संचालक के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाए।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अब देखने वाली बात यह होगी कि जांच के बाद प्रशासन कितनी गंभीर और प्रभावी कार्रवाई करता है। यह हादसा साफ तौर पर प्रशासन के लिए चेतावनी है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे भी बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता है।












