पट्टी तहसील में जमीनी विवाद पर हाईवोल्टेज ड्रामा, महिला तहसील भवन पर चढ़ी
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।पुलिस–अधिवक्ताओं में नोकझोंक प्रतापगढ़ के पट्टी तहसील परिसर में मंगलवार को जमीनी विवाद को लेकर उस समय हंगामा मच गया, जब पट्टी कोतवाली क्षेत्र के धूई गांव की रहने वाली एक महिला अपनी बहू के साथ तहसील पहुंची। महिला ने आरोप लगाया कि विपक्षी उसकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं और पुलिस उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं कर रही है।विरोध स्वरूप महिला तहसील भवन पर चढ़ गई और कथित तौर पर कूदने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं और पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।घटना के दौरान महिला ने पुलिस पर उत्पीड़न सहित कई गंभीर आरोप लगाए। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि वह अपने पुराने मकान को गिराकर नया निर्माण करा रहा है और अपनी कुछ भूमि भी छोड़ चुका है। इसके बावजूद उसे अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।इस दौरान पट्टी बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित कनिष्ठ उपाध्यक्ष वरुण पांडे ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार सहित अन्य आरोप लगाए। करीब एक घंटे तक तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जब पुलिस महिला और उसकी बहू को तहसील परिसर से बाहर ले जाने का प्रयास कर रही थी, तब अधिवक्ताओं ने इसका विरोध किया। उनका आरोप था कि पुलिस अधिवक्ताओं के बस्ते से जबरन महिला को ले जाने का प्रयास कर रही थी, जिसके चलते पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से विस्तृत बयान का इंतजार है।
ये भी पढ़ें पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय, सुखपाल नगर से स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ।












