तेज रफ्तार का कहर: बरनाहल क्षेत्र में होंडा सिटी पेड़ से टकराई, वन दरोगा की मौके पर मौत
संवादाता :पंकज मिश्रा 
मैनपुरी। जनपद के थाना बरनाहल क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार का दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम इकहरा के पास एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार वन विभाग में तैनात सब इंस्पेक्टर (वन दरोगा) विपिन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि विपिन यादव करहल क्षेत्र के वन विभाग में वन दरोगा के पद पर तैनात थे। वे मूल रूप से जनपद आगरा के निवासी थे। हादसा थाना बरनाहल क्षेत्र के ग्राम इकहरा (इकरा) के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार के कारण वाहन चालक संतुलन खो बैठा और कार सीधे पेड़ से जा भिड़ी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। वहीं, मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।










