जनपद एटा में एसएसपी डॉ. इलामारन का थाना जैथरा पर औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर सख्त दिखे, दिए कड़े निर्देश
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
इलामारन द्वारा थाना जैथरा का औचक निरीक्षण किया गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे एसएसपी ने थाने की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क तथा कार्यालय व्यवस्था को गंभीरता से परखा। उन्होंने रजिस्टरों का मिलान करते हुए लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी जताई और उन्हें शीघ्र निस्तारित करने के सख्त निर्देश दिए। एसएसपी ने साफ तौर पर कहा कि फरियादियों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कानून-व्यवस्था को लेकर भी एसएसपी सख्त नजर आए। उन्होंने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस कर्मियों को अनुशासन, समयपालन और व्यवहार कुशलता बनाए रखने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












