एटा में युवक ने नहर में लगाई छलांग, फाइनेंस कंपनी मालिक पर प्रताड़ना का आरोप
संवादाता अमन अहमद।
एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। मालगोदाम रोड निवासी 24 वर्षीय साहिल कश्यप पुत्र जगदीश कश्यप ने कर्ज के दबाव में आकर नहर में छलांग लगा दी। युवक ने घटना से पहले एक वीडियो बनाकर अपने दोस्त सोनू को भेजा, जिसमें उसने 15-20 लाख रुपये की व्यवस्था न कर पाने की बात कही और परिवार का ख्याल रखने की अपील की। परिजनों ने आरोप लगाया है कि साहिल आई-टेल कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर पंकज गुप्ता के यहां अकाउंटेंट का काम करता था। पंकज गुप्ता कथित रूप से अपंजीकृत फाइनेंस का कारोबार करते हैं और साहिल पर 18-20 लाख रुपये का दबाव बना रहे थे। परिवार का कहना है कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर साहिल ने यह कदम उठाया।
पिलुआ थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई है। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












