एटा जलेसर: मॉडल इंटर कॉलेज इसौली में चोरों ने चटकाए ताले, अभिभावकों में आक्रोश
संवाददाता योगेंद्र सिंह जलेसर (एटा)। ग्राम पंचायत इसौली स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज एक बार फिर चोरी की घटना का शिकार बना। शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने स्कूल के मेन गेट, कार्यालय और कंप्यूटर कक्ष के ताले चटकाए। हालांकि अंदर से शटर लॉक होने के कारण चोर कोई सामान ले जाने में असफल रहे।
गौरतलब है कि इसौली मॉडल स्कूल में इससे पहले भी तीन-चार बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को तहरीरें भी दी गईं, मगर आज तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो सका। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए विद्यालय स्टाफ और अभिभावक गुस्से में हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्कूल परिसर में चौकीदार की नियुक्ति और बड़ी हेलोजन लाइटें नहीं लगाई गईं तो चोरी की पुनरावृत्ति होती रहेगी।
इस घटना के बाद विद्यालय की प्रिंसिपल राखी देवी समेत समस्त स्टाफ और अभिभावक – पुजारी लाल, भूपेन्द्र बघेल, सुखवीर सिंह, भानू सिंह, नीतू कुमार, अनिल कुमार, बदन सिंह बघेल, मानपाल बघेल, कुमरपाल सिंह, नीरज कुमार सहित कई लोग स्कूल परिसर में इकट्ठा हुए और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें महिला सशक्तिकरण अभियान समारोह थाना उल्दन












