जी.एस. एकेडमी धरवारा में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह

जी.एस. एकेडमी धरवारा में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह

 

संवाददाता आयुष मिश्र करछना, प्रयागराज। जी.एस. एकेडमी धरवारा, करछना में देशभक्ति और उत्साह से सराबोर माहौल में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर को तिरंगे रंगों से सजाया गया, जहां छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाईं।

समारोह के दौरान बच्चों ने पुलिस के जवानों को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासन एवं देशभक्ति की झलक ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पुलिस जवानों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यक्रम की सराहना की।

विद्यालय के प्रबंधक विनय सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और राष्ट्रहित में योगदान देने की प्रेरणा देती है। उन्होंने बच्चों से अनुशासन, शिक्षा और संस्कार के साथ देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

 

वहीं प्रधानाध्यापिका नीतू सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से विद्यालय परिसर गूंजता रहा। समारोह का समापन देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए किया गया।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें