जलकल विभाग की लापरवाही से जल संकट और जलभराव राहगीरों और स्थानीयों को भारी परेशानी
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत कानपुर। शहर के वार्ड नंबर 40 विष्णुपुरी क्षेत्र में जलकल विभाग की घोर लापरवाही सामने आई है। सेठ मोतीलाल खेड़िया इंटर कॉलेज के पास, गंगा बैराज जाने वाली सड़क पर पाइपलाइन का वाल खुला रह जाने के कारण हजारों लीटर कीमती पानी सड़क पर बह गया।
इस अनदेखी के चलते पानी न केवल सड़कों पर फैला, बल्कि आसपास के स्थानीय निवासियों के घरों में भी घुस गया, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण गंगा बैराज की ओर जाने वाले मार्ग पर राहगीरों को निकलना मुश्किल हो गया है। फिसलन और पानी के बहाव के चलते हादसे की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन और जलकल विभाग को सूचित किया, लेकिन अब तक कोई उचित कार्रवाई नहीं हुई है। क्षेत्रवासियों ने इस लापरवाही पर कड़ा विरोध जताते हुए प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है।
वहीं, क्षेत्रीय पार्षद और सामाजिक संगठनों ने भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए जलकल विभाग की जवाबदेही तय करने की बात कही है। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में जनआंदोलन की चेतावनी दी गई है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत हो, जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
ये भी पढ़ें बलरामपुर: 9 जुलाई को सोनपुर में होगा जलसाए शहीदे आज़म, ईशा के बाद सजेगी रूहानी महफ़िल












