60 लाख की ज्वैलरी चोरी का पर्दाफाश ग्राहक बनकर रेकी करने वाले दंपती समेत तीन गिरफ्तार
स्टेट ब्यूरो चीफ़ विष्णु रावत कानपुर। विजय नगर स्थित ज्योति ज्वैलर्स में कुछ दिन पहले हुई करीब 60 लाख रुपये की ज्वैलरी चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। थाना काकादेव पुलिस और सेंट्रल जोन की सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे और पूरी रेकी की। मौका मिलते ही उन्होंने लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए और फरार हो गए। वारदात के बाद आरोपी लगातार पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदलते रहे, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ में पता चला कि इस वारदात में मुख्य आरोपी की पत्नी समेत कुल तीन लोग शामिल थे। चोरी से मिले रुपयों का बड़ा हिस्सा आरोपियों ने घूमने-फिरने, महंगे कपड़े खरीदने और मौज-मस्ती में खर्च कर दिया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और चोरी की ज्वैलरी की बरामदगी के साथ अन्य मामलों में भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें अलीगढ़ में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला फूंकने के प्रयास पर पुलिस से झड़प












