रतनपुर की झुग्गी बस्ती में भीषण आग, दर्जनों परिवार बेघर
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत कानपुर: कानपुर के पनकी क्षेत्र स्थित रतनपुर में बनी अस्थायी झुग्गी बस्ती में रविवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे एक दर्जन से अधिक परिवार प्रभावित हुए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। झुग्गियों में रखी रोजमर्रा की सभी जरूरी वस्तुएं—कपड़े, बर्तन, राशन और अन्य घरेलू सामान—धू-धू कर जल गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, हालांकि प्रशासनिक पुष्टि अभी बाकी है। फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर समय रहते पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस हादसे के बाद झुग्गीवासियों के सामने भोजन और रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। कई छोटे-छोटे बच्चे भूख से बिलखते नजर आए। प्रशासन से तुरंत राहत और पुनर्वास की मांग की जा रही है।
फिलहाल क्षेत्रीय प्रशासन स्थिति का जायज़ा ले रहा है और प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत देने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
ये भी पढ़ें कानपुर में “सूखा नशा” के खिलाफ़ सख्त अभियान की तैयारी












