बिरौती में मारपीट का आरोप और वायरल वीडियो का सच: खुशबू तिवारी प्रकरण ने बढ़ाए सवाल ब्लॉक प्रमुख द्वारा वीडियो शेयर करने से बढ़े सवाल।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के बिरौती गांव से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जहां एक ओर महिला द्वारा पति, सास और ससुर पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाए गए हैं, वहीं दूसरी ओर उसी महिला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे घटनाक्रम को और उलझा दिया है।।
तहरीर के अनुसार, बिरौती निवासी खुशबू तिवारी पत्नी आकाश तिवारी ने आरोप लगाया है कि रविवार सुबह करीब 11 बजे उसने अपने पति से घर बनवाने के लिए ₹10,000 लाने की बात कही। इसी बात पर गुस्साए पति ने उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची सास और ससुर ने भी महिला के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, पीड़िता के चार मासूम बच्चों को भी पीटे जाने की बात सामने आई है। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद महिला ने कोतवाली पहुंचकर पति, सास और ससुर के खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिस पर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
इसी बीच, इसी महिला से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वह खुद को प्रताड़ित बताते हुए कई गंभीर आरोप लगा रही है। वीडियो में महिला अपने ससुराल पक्ष पर लगातार मारपीट करने का आरोप लगाती दिख रही है, वहीं कुछ बयान ऐसे भी सामने आए हैं, जिन पर स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं।। वीडियो में महिला द्वारा व्यक्त की गई तीखी प्रतिक्रियाएं और परिवार के खिलाफ आक्रोश ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। साथ ही, क्षेत्र के एक ब्लॉक प्रमुख द्वारा इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किए जाने से मामला और चर्चा में आ गया है।। अब इस पूरे प्रकरण को लेकर दो पहलू सामने आ रहे हैं—एक तरफ महिला द्वारा लगाए गए मारपीट और उत्पीड़न के आरोप हैं, तो दूसरी तरफ वायरल वीडियो के कुछ अंशों के आधार पर लोग मामले की सत्यता पर भी सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।गांव लहरिया इस पूरे घटनाक्रम की गहराई से पड़ताल कर रहा है और तथ्य सामने आने पर सच्चाई उजागर करेगा। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन को निष्पक्षता से जाँच कर कठोर कार्यवाही करना चाहिए।।












