एटा में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, “ऑपरेशन कार बार” में 126 लोग दबोचे।
संवादाता अमन अहमद।
एटा। जनपद में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एटा पुलिस ने सोमवार को व्यापक अभियान चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के पर्यवेक्षण में जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 1293 वाहनों की जांच की, जिनमें से 369 वाहनों का चालान करते हुए 72 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा अवैध रूप से मॉडिफाई किए गए वाहनों की गहन जांच की गई। विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगे वाहनों पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे उपकरण ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ-साथ आम नागरिकों की परेशानी का कारण बनते हैं और सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। इसी दौरान एटा पुलिस ने “ऑपरेशन कार बार” अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों, कार के भीतर तथा बोनट पर शराब पीने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती दिखाई। अभियान में कुल 126 लोगों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई। थाना सकरौली क्षेत्र में सबसे अधिक 22 लोगों पर कार्रवाई की गई। वहीं मिरहची में 15, मलावन में 13, अलीगंज में 12, कोतवाली नगर और कोतवाली देहात में 10-10 तथा अवागढ़ में 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई दर्ज की गई। अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है। पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।












