कौशांबी में एलपीजी गैस टैंकर में लगी भीषण आग, सिहोरी टोल प्लाजा जलकर खाक, 5 कर्मचारी झुलसे
कौशांबी। जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित सिहोरी टोल प्लाजा के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 7 बजे एक एलपीजी गैस टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा की दीवार से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर में तुरंत आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में टोल प्लाजा के पांच कर्मचारी झुलस गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, टैंकर के चालक और परिचालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि देखते ही देखते पूरा टोल प्लाजा जलकर खाक हो गया।

बताया जा रहा है कि आग लगने के दौरान टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में कुछ कर्मचारी फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है।
इस भीषण हादसे के बाद उठता धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। फिलहाल, घटना में किसी के हताहत होने या मौत की कोई सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें देशी शराब ठेके के सेल्समैनों पर दबंगई का आरोप,नाबालिग समेत दो लोगों के साथ मारपीट।












