भामाशाह जयंती पर गूंजा वैश्य एकता का संदेश, समाजसेवा और राष्ट्रभक्ति के आदर्श अपनाने का आह्वान
जिला संवादाता काव्यांश रावत एटा। नगर पालिका परिषद के सभागार में रविवार को वैश्य एकता परिषद के तत्वावधान में राष्ट्रभक्त एवं दानवीर भामाशाह की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने भामाशाह के त्याग, दानशीलता और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और दानवीर भामाशाह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों और वैश्य समाज के वरिष्ठजनों का पगड़ी पहनाकर तथा माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। समारोह के दौरान “वैश्य एकता जिंदाबाद” और “दानवीर भामाशाह अमर रहें” के नारों से पूरा सभागार गूंज उठा।
मुख्य अतिथि एवं वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता ने कहा कि भामाशाह का जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश की प्रत्येक तहसील में भामाशाह की प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि नई पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके। उन्होंने समाज की उन्नति के लिए शिक्षा, संगठन और एकता को आवश्यक बताया।
जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि संगठन की मारहरा नगर इकाई का गठन हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन इतने कम समय में भव्य आयोजन का सफल आयोजन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भामाशाह के आदर्शों को घर-घर तक पहुंचाना संगठन का संकल्प है और समाजहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
नगर अध्यक्ष मयूर गुप्ता, महामंत्री गौरव गुप्ता और कोषाध्यक्ष रामऔतार गुप्ता ने संगठन की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए समाज की एकजुटता और सहभागिता पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन संजीव गोयल ने किया।
ये भी पढ़ें एटा में अपराधियों पर प्रशासन का शिकंजा, पांच बदमाश छह माह के लिए जिला बदर












