पुलिस कर्मियों के लिए एसपी कासगंज की नई पहल, जन्मदिन और सालगिरह पर मिलेगा विशेष अवकाश

पुलिस कर्मियों के लिए एसपी कासगंज की नई पहल, जन्मदिन और सालगिरह पर मिलेगा विशेष अवकाश

मंडल संवाददाता अमित चौहान

कासगंज। ओ.पी. सिंह ने पुलिस कर्मियों के हित में एक नई पहल करते हुए जन्मदिन और शादी की सालगिरह जैसे विशेष अवसरों पर अवकाश देने की व्यवस्था लागू की है। सोमवार देर रात रिजर्व पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम सभागार में आयोजित सम्मेलन में एसपी ने जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभागीय व्यवस्थाओं, समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। सम्मेलन के दौरान पुलिस कर्मियों ने ड्यूटी व्यवस्था, आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं, भोजन व्यवस्था, अवकाश तथा पारिवारिक समस्याओं से जुड़े मुद्दे उठाए। एसपी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। एसपी ने कर्मचारियों को शासन एवं विभाग द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, मानसिक संतुलन और सेवा संबंधी सुविधाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशील व्यवहार के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आमजन के साथ बेहतर व्यवहार, महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाया जाना चाहिए।

पांच विशेष अवसरों पर मिलेगा अवकाश

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक पुलिस कर्मचारी को उसके निर्धारित आकस्मिक अवकाशों में से पांच विशेष अवसरों पर हर परिस्थिति में अवकाश प्रदान किया जाएगा—

कर्मचारी के स्वयं के जन्मदिन पर

पति या पत्नी के जन्मदिन पर

शादी की सालगिरह पर

पहले बच्चे के जन्मदिन पर

दूसरे बच्चे के जन्मदिन पर

यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। सम्मेलन में विभिन्न शाखाओं एवं थानों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें