नोएडा: सेक्टर-20 पुलिस ने मोबाइल चोर गिरोह का किया भंडाफोड़,दो शातिर अभियुक्तों गिरफ्तार एवं 49 चोरी के मोबाइल और 2 अवैध चाकू बरामद
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर

नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 49 चोरी के मोबाइल फोन तथा 2 अवैध चाकू बरामद किए हैं।पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 जुलाई 2026 को पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं एडीसीपी श्रीमती मनीषा सिंह की निगरानी में थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से सेक्टर-18 स्थित पार्क के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विक्की पुत्र मुकेश, निवासी मुल्तानी ढाडा, पहाड़गंज, दिल्ली (उम्र 39 वर्ष) तथा आसिफ पुत्र आशु, निवासी राशिद अली गेट, लोनी, गाजियाबाद (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई है।पूछताछ में सामने आया कि विक्की टैक्सी चालक है जबकि आसिफ कपड़ों की फेरी लगाने का काम करता है। दोनों मौका पाकर लोगों के मोबाइल फोन चोरी करते थे। बरामद 49 मोबाइल फोन में से एक वीवो कंपनी का मोबाइल थाना सेक्टर-24 में दर्ज मुकदमा संख्या 253/2026 से संबंधित पाया गया। वहीं अभियुक्तों ने थाना सेक्टर-20 में दर्ज मुकदमा संख्या 213/2026 से संबंधित मोबाइल चोरी की घटना को भी स्वीकार किया है।पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 49 चोरी के मोबाइल फोन और 2 अवैध चाकू बरामद किए हैं। दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अभियुक्तों के अन्य आपराधिक कृत्यों और चोरी के मोबाइलों के संबंध में भी जांच कर रही है।












