ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बिना नंबर प्लेट की वैगनार कार बरामद
प्रतापगढ़। साइबर थाना प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के जरिए साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन एंड्रायड मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड और बिना नंबर प्लेट की एक वैगनार कार बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में साइबर अपराध और अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक थाना कुण्डा में दर्ज मुकदमा संख्या 307/2026 की विवेचना के दौरान विनोद पोद्दार और उसके सहयोगी दीपक कुमार के नाम सामने आए थे।
सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस टीम ने कुण्डा पहुंचकर विनोद पोद्दार से पूछताछ की। पूछताछ में उसके द्वारा ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी का पैनल संचालित करने तथा इसमें दीपक कुमार के शामिल होने की जानकारी दी गई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कुण्डा क्षेत्र में एक चाय की दुकान के पास से दीपक कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टेबाजी का पैनल संचालित करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड और बिना नंबर प्लेट की वैगनार कार बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद पोद्दार निवासी जवाहर कॉलोनी, फरीदाबाद (हरियाणा) तथा दीपक कुमार निवासी संजय कॉलोनी, फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ बीएनएस, आईटी एक्ट और ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी, अवैध गेमिंग ऐप और कम समय में अधिक पैसा कमाने के लालच से बचें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें।












