बेवर में दर्दनाक हादसा: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो किशोर गंभीर रूप से घायल
संवाददाता – पंकज मिश्रा, मैनपुरी
मैनपुरी। बेवर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार में जा रही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद दो
नों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह हादसा सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बेवर कस्बे के ब्लॉक के निकट हुआ। स्थानीय निवासी नितिन कश्यप (पुत्र रूपलाल कश्यप) अपने साथी सूरज (पुत्र अनूप) के साथ बाइक से हाईवे की ओर जा रहा था। जैसे ही वे ए.आर. ईंट भट्टा बझेरा की सर्विस रोड पर पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेवर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना पाकर पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस रोड पर अक्सर तेज रफ्तार में वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।












