नाग की मौत के 15 दिन बाद बदला लेने पहुंची नागिन, गांव में फैली दहशत
एटा (उत्तर प्रदेश): एटा जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र के सरौतिया गांव में एक चौंकाने वाला और रहस्यमयी मामला सामने आया है। करीब 15 दिन पहले मरे एक नाग की मौत के बाद उसी घर में एक नागिन के पहुंचने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी प्रवेश दीक्षित के घर में रविवार रात एक विषैली नागिन आ धमकी, जो बीते नाग की मौत के बाद से कथित रूप से ‘बदला’ लेने के इरादे से वहां पहुंची। नागिन पूरे 24 घंटे तक फन उठाकर फुफकारती रही, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर काटी।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुआ वन विभाग
घटना की सूचना सोमवार सुबह वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद नागिन को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बरसात के मौसम में चूहे और अन्य शिकार की तलाश में सांप घरों की ओर रुख कर लेते हैं।
मानसून में बढ़ रहा है सांपों का खतरा
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दिनों में विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी सर्पदर्शन की स्थिति में तुरंत सूचना दें।
गांव में फैली दहशत, राहत की सांस
नागिन के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों और दीक्षित परिवार ने राहत की सांस ली। हालांकि यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है और ग्रामीण अब भी दहशत में हैं।
ये भी पढ़ें एटा के मारहरा तिराह पर चला पुलिस का सघन चेकिंग अभियान












