पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार — गांव में दहशत,
संवाददाता — विनय कुमार मिश्रा, प्रतापगढ़।
अंतू थाना क्षेत्र के डुहिया महमदापुर गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पंकज शुक्ला के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूत्रों के अनुसार, यह घटना पुरानी रंजिश का परिणाम बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गांव के ही विवेक पांडेय ने पंकज शुक्ला को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंतू थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ते अपराध से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।












