सनातन धर्म व संस्कृति की रक्षा से ही विश्व का कल्याण: रमेश जी
हिन्दू सम्मेलन में एकजुटता का आह्वान, बांग्लादेश के हिन्दू-विरोधी रवैये पर आक्रोश
जिला संवाददाता प्रतापगढ़
अवधेश चंद्र पांडेय






सनातन धर्म और संस्कृति की रक्षा से ही समूचे विश्व का कल्याण संभव है। हिन्दू समाज को एकजुट होकर अपने धर्म, संस्कार और परंपराओं की रक्षा के लिए सदैव तैयार रहना होगा। यह उद्गार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत संचालक रमेश जी ने बाघराय बाजार में रोर मंडल के तत्वावधान में आयोजित भव्य हिन्दू सम्मेलन में व्यक्त किए। रमेश जी ने कहा कि जब-जब हिन्दुओं पर संकट आया है, तब एकजुटता ने ही समाज को मजबूती दी है। उन्होंने जाति-पाति, छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों को त्यागकर सभी हिन्दुओं से एक मंच पर आने, साथ बैठकर भोजन करने और हिन्दुत्व की मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया। आरएसएस के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उन्होंने संघ की पवित्र गाथा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए हिन्दू एकता को और सुदृढ़ करने पर बल दिया। सम्मेलन में बांग्लादेश में हिन्दुओं के प्रति हो रहे कथित गंदे व अशोभनीय कृत्यों की कड़ी निंदा की गई। वक्ताओं ने इस विषय पर केन्द्र सरकार से ठोस हस्तक्षेप की मांग की। रमेश जी ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह और गुरु तेजबहादुर सिंह के त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। हिन्दू समाज की एकजुटता से ही न केवल भारत, बल्कि विश्व के लोगों का कल्याण संभव है। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया। समाज में समरसता बढ़ाने के लिए सभी हिन्दू भाइयों को एक मंच पर लाकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शीतलाप्रसाद मिश्र ने की, जबकि संचालन दीपक मिश्र (एडवोकेट) ने किया। मुख्य अतिथि शेषनारायण मिश्र एवं विशिष्ट अतिथि संत रामसुमेर जी ने भी अपने संबोधन में हिन्दू एकता और सामाजिक समरसता पर जोर दिया। कार्यक्रम का संयोजन शासकीय अधिवक्ता, उच्च न्यायालय, चंद्रवदन मिश्र ने किया।
इस अवसर पर जटाशंकर त्रिपाठी, खंड कार्यवाह मुनीष जी, राजेश मिश्र, राजन, दिनेश मिश्र, चंद्रभान तिवारी, अनिल पांडेय, अनुराग पांडेय, प्रमोद तिवारी, श्रीकृष्ण मौर्य, शुकांत मिश्र, विश्वनाथ त्रिपाठी, रामराज शुक्ल, उमाशंकर त्रिपाठी, अशोक यादव, कमलेश यादव, श्यामा हरिजन, अमरनाथ सरोज, कन्हैया सरोज सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।












