एटा में अनुदेशकों का सम्मान, मानदेय वृद्धि पर मिला प्रोत्साहन:117 शिक्षकों को बधाई, जल्द मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा
संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार



एटा में अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देश पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ने की। कार्यक्रम में जनपद के कुल 117 अनुदेशकों को मानदेय वृद्धि के निर्णय पर बधाई दी गई। प्रतीकात्मक रूप से 8 अनुदेशकों को चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान सभी अनुदेशकों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। अपने संबोधन में विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि अनुदेशक केवल शिक्षण सहयोगी नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के मजबूत आधार स्तंभ हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद और मुंशी प्रेमचंद के विचारों का उल्लेख करते हुए शिक्षा को समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का सबसे प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने “शिक्षित बच्चे, उन्नत प्रदेश” के लक्ष्य को साकार करने के लिए सभी अनुदेशकों से समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उनका मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही सभी अनुदेशकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए समग्र शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी अनुदेशकों का ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि उन्हें समय पर योजना का लाभ मिल सके। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि अनुदेशक परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विभाग उनके कल्याण और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।












