श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर बदायूँ में समीक्षा बैठक, डीएम-एसएसपी ने दिए आवश्यक निर्देश
मंडल संवाददाता अमित चौहान


बदायूँ, 21 जुलाई 2026। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधाएं, पार्किंग, डायवर्जन व्यवस्था, विश्राम स्थलों सहित कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में अधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, सोशल मीडिया की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












