अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में पीएम किसान सम्मान निधि एवं फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा बैठक संपन्न
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी


गौतमबुद्धनगर 06 फरवरी, 2026 अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने अवगत कराया कि फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनवाने की स्थिति में जनपद के 16769 कृषकों की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि शीघ्र ही रुक सकती है।उन्होंने बताया कि राजस्व एवं कृषि विभाग के कार्मिकों द्वारा व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए कुल 48112 पीएम किसान निधि लाभार्थियों में से अब तक 28597 लाभार्थियों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कर ली गई है। शेष कृषकों को जागरूक करने के लिए कृषि, राजस्व, विकास एवं सहकारिता विभाग के संयुक्त तत्वाधान में इस कार्य को मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने उपस्थित अधिकारियों को योजना के लाभ जैसे फसली ऋण, फसल बीमा, केसीसी ऋण आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा निर्देशित किया कि समस्त ग्रामों में लक्ष्य पूर्ति के लिए विशेष प्रयास सुनिश्चित किए जाएं, ताकि शत प्रतिशत कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण कराया जा सके एवं शासन की योजनाओं से ज्यादा से ज्यादा कृषकों को लाभान्वित किया जा सके। बैठक में उप जिलाधिकारी जेवर अभय सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे सहित राजस्व, पंचायत एवं कृषि विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। गौतम बुद्ध नगर।












