सेंगर नदी में मिला महिला का सड़ा-गला शव:कानपुर देहात में कुत्ते नोच रहे थे लाश, पहचान में जुटी पुलिस
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में रविवार को सेंगर नदी से एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह शव जसापुर और जिगना गांव के बीच स्थित नदी का पुरवा गांव के पास पानी में पड़ा मिला। ग्रामीणों के अनुसार, शव काफी पुरानी अवस्था में था और उसे कुत्ते नोच रहे थे। नदी किनारे शव दिखाई देने पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
एक सप्ताह पुराना हो सकता है शव
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की जांच कर रहे एसएसआई कमलेश यादव ने बताया कि महिला की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव की हालत को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि यह करीब एक सप्ताह पुराना हो सकता है।सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शव कहीं अन्य स्थान से बहकर नदी में आया है या मामला किसी आपराधिक घटना से जुड़ा हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।












