श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026: यातायात व्यवस्था का जायजा लेने नगर क्षेत्र में उतरे सीओ ट्रैफिक, सुरक्षा व डायवर्जन का किया निरीक्षण।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रतापगढ़ पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में मंगलवार को क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र कुमार सिंह ने नगर क्षेत्र का भ्रमण कर कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीओ यातायात ने भूपियामऊ चौकी पहुंचकर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अतुल यादव से सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जानकारी ली। इसके बाद भगवा चुंगी सहित विभिन्न डायवर्जन प्वाइंटों एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात टीएसआई प्रदीप कुमार सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।सीओ यातायात ने विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निगरानी व्यवस्था और कंट्रोल मैकेनिज्म का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कैमरे लगातार सक्रिय रहें और प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्गों पर लागू डायवर्जन योजना का सख्ती से पालन कराने तथा यातायात को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी स्थान पर अनावश्यक जाम न लगे और श्रद्धालुओं व आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।सीओ यातायात ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा श्रद्धालुओं के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों एवं नियंत्रण कक्ष को देकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था हर स्थिति में सुचारु बनी रहे।प्रतापगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन योजना एवं यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन 112 पर तत्काल सूचना दें।
ये भी पढ़ें दो दिनों की बारिश से सोनपुर भाभर-भवनडीह मार्ग जलमग्न, आवागमन हुआ मुश्किल












