एटा में 10वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, रातोंरात अंतिम संस्कार से बढ़ी चर्चा

एटा में 10वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, रातोंरात अंतिम संस्कार से बढ़ी चर्चा

संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार

एटा। जनपद के सकीट थाना क्षेत्र के कमालपुर मई गांव में 17 वर्षीय छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों द्वारा रात में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिए जाने से मामला और भी चर्चाओं में आ गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा अवशेष एकत्र कर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार ग्राम कमालपुर मई निवासी राम सिंह की पुत्री निशा, जो कक्षा 10 की छात्रा थी, ने कथित रूप से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिवार के लोगों ने भयवश गांव के बाहर एक तालाबनुमा गड्ढे में रात में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इतना ही नहीं, राख और अन्य अवशेषों को भी इधर-उधर फेंक दिया गया ताकि कोई सबूत न बचे। घटना की सूचना किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग और थाना प्रभारी विदेश राठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कराया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से अवशेष एकत्र किए, जिन्हें डीएनए जांच के लिए भेजा जाएगा। मृतका दो बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ी थी तथा सकीट के एक विद्यालय में पढ़ाई कर रही थी। सोमवार सुबह गांव में घटना की जानकारी फैलते ही पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। छात्रा की आत्महत्या और उसके बाद रात में किए गए अंतिम संस्कार को लेकर ग्रामीणों में कई सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक जांच और डीएनए रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें