औंछा थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
संवादाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम विक्रमपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मंगलवार को मंजू पत्नी सचिन का शव उसके ससुराल स्थित घर के भीतर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया, जहां चिकित्सकों द्वारा मृतका का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मंजू को शादी के बाद से ही ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने मंजू के साथ मारपीट करने के बाद उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। मायके पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।












