इग्नू में जनवरी 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 31 जनवरी तक कर सकते हैं आवेदन
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
पानीपत, 17 दिसंबर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में जनवरी 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) एवं ऑनलाइन लर्निंग कार्यक्रमों में इच्छुक अभ्यर्थी 31 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। डॉ. धर्म पाल ने बताया कि इग्नू भारत का एक प्रतिष्ठित केंद्रीय मुक्त विश्वविद्यालय है, जो वर्ष में दो बार जनवरी और जुलाई सत्र में प्रवेश प्रक्रिया संचालित करता है। जनवरी 2026 सत्र के लिए यूजी, पीजी, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले शुरू हो चुके हैं। कौशल आधारित एवं ज्ञान आधारित शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए इग्नू एक बेहतरीन विकल्प है। उन्होंने कहा कि इग्नू का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को समान शैक्षणिक अवसर प्रदान करते हुए उनके ज्ञान और कौशल का विकास करना है। विश्वविद्यालय विशेष रूप से दूरदराज क्षेत्रों, ग्रामीण अंचलों एवं वंचित वर्गों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाने का कार्य कर रहा है। डॉ. धर्म पाल ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को मेरिट या अन्य कारणों से नियमित कॉलेज या विश्वविद्यालय में प्रवेश नहीं मिल पाया है, अथवा जो किसी कारणवश नियमित शिक्षा प्राप्त नहीं कर सकते, वे इग्नू के माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं। इसके अलावा नौकरीपेशा व्यक्ति भी दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा हासिल कर सकते हैं। इग्नू में सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा, स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के अनेक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप पाठ्यक्रम चला रहा है और इग्नू के सभी पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से मान्यता प्राप्त हैं। इसकी शिक्षा प्रणाली लचीली है, जिससे विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार अध्ययन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इग्नू की मान्यता न केवल देशभर में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी है। वर्तमान में देशभर में इग्नू के 67 क्षेत्रीय केंद्र और 2000 से अधिक अध्ययन केंद्र कार्यरत हैं। पाठ्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट www.ignou.ac.in पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी अंतिम तिथि से पहले आवेदन सुनिश्चित करें।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल।












