मैनपुरी: खेत पर गए युवक को दबंगों ने दिखाई तमंचा, SP कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
संवाददाता पंकज मिश्रा
किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम कुटुकपुरा में खेत की जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने गुरुवार को गंभीर रूप ले लिया। गांव के एक युवक ने आरोप लगाया है कि जब वह अपने खेत पर गया, तो गांव के ही अमित पाल, बलवीर सिंह, शिवम और रवि ने उसे रोककर धमकाया। पीड़ित युवक के अनुसार चारों आरोपियों ने उसे डराने के लिए तमंचा दिखाया और चेतावनी दी कि दुबारा इन खेतों की ओर आया तो उसके लिए गंभीर परिणाम होंगे। युवक ने बताया कि खेत की जमीन को लेकर यह विवाद काफी समय से चल रहा है और लगातार उस पर दबाव बनाया जा रहा है।
घटना से भयभीत युवक सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और कार्रवाई की मांग की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।












