जनपद एटा में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने पुलिस कार्यालय एटा में क्षेत्राधिकारीगण के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में अपराध की स्थिति की समीक्षा करना और अपराध नियंत्रण को लेकर ठोस रणनीति तय करना रहा। समीक्षा बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने थानों में लंबित चल रही विवेचनाओं, प्रकरणों और शिकायतों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके और पुलिस पर जनता का विश्वास और मजबूत हो। एएसपी श्वेताभ पांडेय ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि जिले में अपराध फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त, पैदल गश्त और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे अपराध पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखें, आम नागरिकों से संवाद बनाए रखें और कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी चुनौती का तत्काल और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
इस समीक्षा बैठक के बाद यह साफ संदेश गया है कि एटा पुलिस अब और अधिक सख्त रवैया अपनाएगी, जिससे जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा और आमजन को सुरक्षित माहौल मिल सकेगा।












