रानीगंज में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत नाजुक: बाजार से लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

रानीगंज में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत नाजुक: बाजार से लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

संवाददाता शिक्षा तिवारी

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे युवक पर बाइक सवार हमलावरों ने पीछे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार रानीगंज थाना क्षेत्र के पूरे गोलिया गांव निवासी अजमत पुत्र साबिर शनिवार रात करीब 9 बजे मोटरसाइकिल से गांव के चौराहे पर सामान लेने गए थे। देर रात जब वह बाजार से सामान लेकर घर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए तीन बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही अजमत सड़क पर गिर पड़े, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन और ग्रामीण घायल अजमत को तुरंत इलाज के लिए ट्रामा सेंटर ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक की स्थिति अभी नाजुक बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पहले की गई शिकायतों पर पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
इस गोलीकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें