सासनी-जलेसर रोड पर दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉला की चपेट में आकर किसान की मौत
संवाददाता – अश्वनी कुमार हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 5 बजे सासनी-जलेसर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार, ईंटों से भरे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉला ने साइकिल सवार किसान को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉला अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ट्रॉला के नीचे दब जाने से किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ग्राम पुन्नेर निवासी 50 वर्षीय शिशपाल सिंह के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही हाथरस जंक्शन पुलिस, डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए जेसीबी की सहायता से ट्रॉला के नीचे दबे शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी ललित कुमार शर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉला को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोषी चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें इटावा में नवविवाहित दंपति की खुशियां मातम में बदलीं, पति की मौत के बाद पत्नी अस्पताल में भर्ती












