जनपद एटा में आगरा रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला और मासूम बेटे की मौत

जनपद एटा में आगरा रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला और मासूम बेटे की मौत

संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा। जनपद एटा में आगरा रोड स्थित माया पैलेस के पास सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। एक बाइक सवार युवक अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ कहीं जा रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार परिवार सड़क पर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक हुआ और टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। महिला और उसके मासूम बेटे को गंभीर चोटें आईं और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका की उम्र लगभग 25 से 27 वर्ष बताई जा रही है, जबकि बच्चे की उम्र करीब 5 से 6 वर्ष थी। बाइक चला रहा युवक घायल बताया जा रहा है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए भेजा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके। इस दर्दनाक हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। क्षेत्र में भी शोक की लहर है और लोगों ने प्रशासन से आगरा रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें