तिरंगा हमारी शान और भारत हमारा अभिमान: शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा
पानीपत ग्रामीण में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
जिला क्राइम रिपोर्टर: सागर गोयल
पानीपत, हरियाणा: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के नेतृत्व में गुरुवार को पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सेक्टर-13-17 स्थित श्याम कमल जिला भाजपा कार्यालय से हुआ। यात्रा सेक्टर-13-17, अंसल, नूरवाला अड्डा और बरसत रोड से होते हुए जिला सचिवालय स्थित शहीद स्मारक पहुंची। यहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया गया।
यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में युवा मोटरसाइकिलों पर तिरंगा लेकर शामिल हुए, जबकि नागरिकों ने भी पैदल यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। तिरंगा लहराते युवाओं और नागरिकों की मौजूदगी ने यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक: महीपाल ढांडा
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि तिरंगा केवल हाथ में लहराने वाला ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति गर्व, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि पानीपत ग्रामीण में तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़ देश की एकता, अखंडता और सम्मान के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए कहा कि हमें वीर शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए और सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
तिरंगा एकता और स्वाभिमान का प्रतीक: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देशवासियों की एकता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देश के प्रति उनकी गहरी आस्था और राष्ट्रभक्ति को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराने वाला जन अभियान है। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
शहीद स्मारक पर हुआ यात्रा का समापन
तिरंगा यात्रा के शहीद स्मारक पहुंचने के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सदैव देश के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मेयर कोमल सैनी, पूर्व मेयर अवनीत कौर, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, जिला परिषद चेयरमैन ज्योति शर्मा, ब्लॉक समिति अध्यक्ष कुलदीप राणा, मार्केट कमेटी चेयरमैन अवतार शास्त्री, भाजपा नेता लोकेश नांगरू, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पार्षदगण, ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के गांवों के सरपंच, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें समाधान शिविर में 8 शिकायतें दर्ज, अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश












