पत्नी के घर से फरार होने से परेशान पति ने लगाए गंभीर आरोप, थाने में लगाई न्याय की गुहार
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जनपद मैनपुरी के थाना बेवर क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी के घर से फरार हो जाने से पति परेशान और सदमे में है। पीड़ित पति रामगोपाल पुत्र कंचनलाल, निवासी ग्राम छिनकौरा पोस्ट गढ़िया, थाना बेवर ने पत्नी के अचानक घर छोड़कर चले जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित रामगोपाल का कहना है कि उसकी पत्नी बिना बताए घर से चली गई है। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो उसने परिजनों और रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी हाथ नहीं लगी। पति का आरोप है कि पत्नी घर में रखे जेवरात, नकदी और जरूरी दस्तावेज भी साथ ले गई है, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है।
रामगोपाल ने बताया कि पत्नी के फरार होने के बाद घर की जिम्मेदारियां और सामाजिक दबाव उस पर बढ़ गया है। कई दिनों से वह थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि पत्नी को किसी ने बहला-फुसलाकर घर से भगाया है।
पीड़ित पति ने थाना बेवर में प्रार्थना पत्र देकर पत्नी की तलाश कराए जाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही महिला की तलाश कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












