हाईवे पर दो डंपरों की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौत, खलासी घायल
रात 2 बजे इंगोहटा के पास सीमेंट फैक्ट्री के समीप हुआ भीषण हादसा
संवाददाता: पवन सूर्यवंशी, कानपुर
सुमेरपुर (हमीरपुर)।
बीती रात नेशनल हाईवे पर इंगोहटा के पास स्थित सीमेंट फैक्ट्री के समीप दो डंपरों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ, जिसमें एक डंपर चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र सुरौली बुजुर्ग निवासी अविनाश सिंह का पुत्र विकास सिंह अपने छोटे भाई राघवेंद्र सिंह के साथ डंपर चलाकर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। बीती रात विकास सिंह कबरई से गिट्टी लादकर कानपुर जा रहा था। इसी दौरान इंगोहटा के पास सीमेंट फैक्ट्री के समीप कानपुर से कबरई की ओर जा रहे एक अन्य डंपर से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में विकास सिंह और उसका भाई राघवेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस की सहायता से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चालक की हालत नाजुक होने पर उसे कानपुर स्थित हैलेट अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान तड़के उसकी मौत हो गई।
मृतक विकास सिंह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और अविवाहित था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रधान प्रतिनिधि रामफूल निषाद ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कानपुर में कराया जा रहा है, जिसके बाद शव गांव लाया जाएगा। वहीं घायल राघवेंद्र सिंह की हालत उपचार के बाद अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन का राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान शुरू












