प्रतापगढ़ में उमर के काफिले की दो स्कॉर्पियो बरामद, टोल प्लाजा विवाद के बाद पुलिस की कार्रवाई
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। कोटिला टोल प्लाजा पर हुए विवाद के बाद हथिगवां पुलिस और स्वाट टीम ने कार्रवाई करते हुए उमर अहमद के काफिले के पीछे चल रही दो काली स्कॉर्पियो-एन बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है।
बताया जा रहा है कि एक स्कॉर्पियो को लखनऊ-प्रयागराज हाईवे से, जबकि दूसरी को प्रयागराज के फाफामऊ इलाके से बरामद किया गया। इन वाहनों को लेकर ही कोटिला टोल प्लाजा पर विवाद हुआ था।
आरोप है कि वाहनों ने टोल टैक्स देने से इनकार किया और टोल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व धमकी दी गई। इतना ही नहीं, बैरियर तोड़कर एक कर्मचारी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप है।
घटना के बाद पुलिस ने वाहनों की तलाश शुरू की थी। हथिगवां पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में दोनों स्कॉर्पियो बरामद कर ली गईं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।












